“रोड कटिंग के बाद रेस्टोरेशन में लखोरी: सचिव ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश”
सचिव, लोक निर्माण विभाग पंकज पाण्डेय ने आज देहरादून में रोड कटिंग उपरांत मार्गों के रेस्टोरेशन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिलाधिकारी सविन बंसल और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अधिकांश स्थानों पर सड़क रेस्टोरेशन कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन कुछ स्थानों पर सड़क का समुचित पुनर्स्थापन नहीं किया गया था।
सचिव लोनिवि ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोड कटिंग की अनुमति देते समय जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित शर्तों का शत्-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और कार्य पूर्ण होने के उपरांत मार्गों का तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण रेस्टोरेशन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि रोड कटिंग के दौरान निर्धारित समयसीमा एवं शर्तों का अनुपालन न करने वाले संबंधित कार्यदायी संस्थाओं/एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि जनहित एवं विकास कार्यों के लिए रोड़ कटिंग की अनुमतियां प्रदान की जाती हैं और इसके लिए रोड़ कटिंग समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाओं/एजेंसियों को 02 या 3 स्थानों पर ही निर्माण कार्यों हेतु रोड कटिंग की अनुमति दी जाएगी और 15-21 दिन की समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के उपरांत ही नए कार्यों की अनुमति दी जाएगी।
