बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन 06 सितंबर को सेलाकुई में* – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

बहुउद्देशीय विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन 06 सितंबर को सेलाकुई में*

0

देहरादून, 04 सितंबर, 2026

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा 06 सितंबर, 2026 को सेलाकुई क्षेत्र में Multi-Purpose Legal Services & Awareness Camp का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन जय कम्युनिटी सेंटर, सेलाकुई एवं पी.एम. श्री शहीद सत्येंद्र चौहान अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, सेलाकुई में संयुक्त रूप से किया जाएगा।

 

शिविर में मा० मुख्य न्यायाधीश उच्च न्यायालय, नैनीताल श्री मनोज कुमार गुप्ता जी एवं मा० कार्यकारी अध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल, मा० न्यायमूर्ति श्री मनोज कुमार तिवारी तथा मा० न्यायमूर्ति श्री राकेश थपलियाल जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

 

उक्त शिविर में मा० जिला न्यायाधीश देहरादून व रजिस्टार जनरल उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय, सदस्य सचिव उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल, जिलाधिकारी देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, मुख्य विकास अधिकारी, देहरादून तथा मुख्य चिकित्साधिकारी देहरादून तथा जनपद देहरादून के समस्त सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण एवं बार एसोसिएशन भी उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारी भी शिविर में उपस्थित रहेंगे।

 

*क्षेत्रवासियों को एक ही स्थान पर मिलेगी विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी*

 

शिविर का उद्देश्य क्षेत्र की जनता को निःशुल्क विधिक सेवाओं, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों के साथ-साथ, गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) द्वारा भी शिविर में प्रतिभाग किया जाएगा। संबंधित विभागों एवं संस्थाओं द्वारा अपनी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराते हुए आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।

 

*निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवाइयों की सुविधा*

 

शिविर में ग्राफिक एरा तथा सीमा डेंटल कॉलेज के सहयोग से चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। यहां आमजन के लिए विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच, दंत एवं नेत्र संबंधी जांच सहित आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया जाएगा।

 

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा पात्र व्यक्तियों को उनकी पात्रता के अनुसार जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्रदान करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। शिविर में आने वाले लोगों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

 

*क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील*

 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सेलाकुई एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में प्रतिभाग करें और विधिक सहायता, कानूनी जागरूकता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *