नई दिल्ली। कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले बृहस्पतिवार को विधायक जिग्नेश मेवानी समेत सात नेताओं को अपनी प्रदेश इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, मेवानी के अलावा, विधायक ललित कागाथरा, विधायक रित्विक मकवाना, विधायक अंबरीश डेर और विधायक हिम्मत सिंह पटेल को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा कादिर पीरजादा और इंद्रविजय सिंह गोहिल को भी गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। जगदीश ठाकोर गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। राज्य में नवंबर -दिसंबर में विधानसभा चुनाव होना है।

आपको बता दें कि कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल के पार्टी छोड़ने के बाद बाहरी जिग्नेश मेवानी का कद कांग्रेस में बढ़ गया है। दरअसल, जिग्नेश मेवानी की तकनीकी खामियों की वजह से कांग्रेस में औपचारिक एंट्री नहीं हो पाई थी। लेकिन उन्होंने कहा था कि वो कांग्रेस में ही हैं। इतना ही नहीं जिग्नेश मेवानी को जब असम पुलिस ने गिरफ्तार किया था तो पार्टी केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर कांग्रेस की असम इकाई ने जिग्नेश मेवानी के समर्थन पर जमकर धरना प्रदर्शन किया था।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए भी कई पदाधिकारियों की नियुक्ति की गयी है और शशिकांत सेंथिल को वार-रूम का प्रमुख बनाया गया है। विधायक प्रियंक खड़गे को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के संचार और सोशल मीडिया विभाग का प्रमुख बनाया गया है। कर्नाटक में अगले साल के मध्य में विधानसभा चुनाव होना है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *