साहित्य अकादमी के सचिव प्रो. वरुण गुलाटी की डॉ. ‘निशंक’ से भेंट, किया साहित्यिक विमर्श* – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

साहित्य अकादमी के सचिव प्रो. वरुण गुलाटी की डॉ. ‘निशंक’ से भेंट, किया साहित्यिक विमर्श*

देहरादून। साहित्य अकादमी के सचिव प्रो. वरुण गुलाटी ने आज लेखक गाँव का भ्रमण किया। लेखक गाँव की साहित्य, संस्कृति, प्रकृति और भारतीय ज्ञान परंपरा को समर्पित परिकल्पना एवं यहां विकसित विभिन्न सुविधाओं से वह प्रभावित हुए। उन्होंने नालंदा पुस्तकालय, तक्षशिला भवन, अटल प्रेक्षागृह, प्रकृति की पाठशाला, हिमालय संजीवनी वाटिका सहित विभिन्न अवस्थापनाओं का अवलोकन किया।

इस अवसर पर उन्होंने लेखक गाँव के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ से भेंट की। प्रो. वरुण गुलाटी ने लेखक गाँव की अवधारणा को अद्भुत बताते हुए साहित्य, संस्कृति एवं सृजनात्मक गतिविधियों के लिए इस तरह के केंद्र की सराहना की। उन्होंने कहा कि साहित्य अकादमी और लेखक गाँव के बीच शीघ्र ही एमओयू किया जाएगा, जिससे दोनों संस्थान साहित्यिक गतिविधियों, कार्यक्रमों और रचनात्मक संवाद को मिलकर आगे बढ़ा सकें।

डॉ. ‘निशंक’ ने कहा कि लेखक गाँव साहित्य, संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा और प्रकृति के संरक्षण-संवर्धन को समर्पित एक अभिनव पहल है। उन्होंने साहित्य अकादमी के साथ प्रस्तावित सहयोग को साहित्यिक गतिविधियों के विस्तार और देश की समृद्ध साहित्यिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर डॉ. अनिल शर्मा, डॉ. विद्या जोशी, विजय नवानी सहित लेखक गाँव परिवार के अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *