सेवा संकल्प अभियान के बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर
देहरादून, उत्तराखंड। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट, बाल विकास विभाग की महालक्ष्मी किट और किशोरी किट का वितरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों के समाधान में अधिक समय लगता है, उनके संबंध में शिकायतकर्ताओं को स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आम जनता को अपने कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल की हैं और देश विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी को सुदृढ़ करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में चलाए गए ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की थी। इस अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि शासन-प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझे और उनका समाधान सुनिश्चित करे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य केवल विभागीय स्टॉल लगाना नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके। सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र नागरिक जानकारी या प्रक्रियागत कठिनाइयों के कारण वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार जनसेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रमाणपत्र, पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य सरकारी सेवाओं के लिए लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान केवल औपचारिकता न बनकर जनसेवा की भावना से किया जाए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उसके समाधान का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने तथा आपसी दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराकर बीमारियों की शीघ्र पहचान और उपचार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र नागरिकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे बहुउद्देशीय शिविरों का अधिकतम लाभ उठाएं, अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से भी जनसेवा की भावना के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। जनभागीदारी और सुशासन के माध्यम से विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
