पितरों का श्राद्ध-तर्पण कांग्रेसी भी करते होंगे, फिर धामी के पिता पर सवाल क्यों? : जखमोला – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

पितरों का श्राद्ध-तर्पण कांग्रेसी भी करते होंगे, फिर धामी के पिता पर सवाल क्यों? : जखमोला

 

रुद्रप्रयाग। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री मनोज जखमोला ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस पर सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्थाओं को लेकर दुर्भावनापूर्ण राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में श्राद्ध श्रद्धा, सम्मान और अपने पितरों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता के श्राद्ध एवं तर्पण को लेकर कांग्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट पर सवाल उठाते हुए जखमोला ने कहा कि निजी आस्था और धार्मिक परंपराओं को राजनीतिक निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने पूछा कि यदि कांग्रेस को श्राद्ध-तर्पण जैसी परंपराओं पर आपत्ति है, तो सनातन परंपरा का पालन करने वाले उसके कार्यकर्ता क्या अपने पितरों का श्राद्ध-तर्पण नहीं करते? उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर टिप्पणियां सामने आई हैं।

जखमोला ने कहा कि एक ओर भाजपा सेवा संकल्प अभियान के जरिए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की लाभकारी योजनाओं से जोड़ने का काम कर रही है, वहीं कांग्रेस धार्मिक आस्थाओं को लेकर विवाद खड़ा कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान के संरक्षण की दिशा में भू-कानून, धर्मांतरण कानून, अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई, ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा गांवों को पर्यटन एवं संस्कृति से जोड़ने जैसे कदम उठाए गए हैं। जखमोला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इन निर्णयों को स्वीकार नहीं कर पा रही है और इसी कारण सनातन परंपराओं से जुड़े विषयों को राजनीतिक विवाद का मुद्दा बना रही है।

इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *