प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार दिवस पर नीतीश कुमार को लिखा पत्र, की बिहार की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर बधाई दी। उन्होंने नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के सभी वर्गों के कल्याण के प्रति व्यक्तिगत प्रतिबद्धता दिखाई है।
बिहार को 1912 में तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग करके 22 मार्च को राज्य बनाया गया था।राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने इस 3 पन्नों के पत्र का ‘स्क्रीनशॉट’ अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया।प्रधानमंत्री ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अध्यक्ष नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ”समाज के सभी वर्गों के कल्याण के प्रति व्यक्तिगत प्रतिबद्धता” दिखाई है। मोदी ने लिखा, ”आपके नेतृत्व में बिहार ने व्यापक परिवर्तन देखा है और मुझे गर्व है कि मेरी सरकार को राज्य के विकास को गति देने में योगदान करने का अवसर मिला।”प्रधानमंत्री ने अपने पत्र की शुरुआत मुख्यमंत्री और राज्य के ”मेरे भाइयों और बहनों” को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए की। उन्होंने बिहार के समृद्ध इतिहास का उल्लेख करते हुए गौतम बुद्ध द्वारा स्थापित “नैतिक और आध्यात्मिक मूल्यों” तथा चंद्रगुप्त मौर्य और उनके गुरु चाणक्य की “कूटनीति और शासन-कौशल” की विरासत का जिक्र किया, जो आज भी भारत का मार्गदर्शन करती है। मोदी ने चम्पारण सत्याग्रह का भी उल्लेख किया, जिसकी शुरुआत महात्मा गांधी ने की थी।
उन्होंने संविधान सभा के अध्यक्ष रहे सच्चिदानंद सिन्हा, स्वतंत्र भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद और दलित नेता जगजीवन राम जैसे महान व्यक्तित्वों का भी जिक्र किया। उन्होंने जयप्रकाश नारायण के आंदोलन का भी उल्लेख किया, जिसने आपातकाल के खिलाफ संघर्ष की दिशा तय की थी। मोदी ने कहा, ”हाल ही में राजग सरकार को कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का अवसर मिला, जिसकी सभी ने सराहना की है।”
