तीन दिवसीय नयार उत्सव के माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं का विकास और विस्तार होगा : सीएम धामी – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

तीन दिवसीय नयार उत्सव के माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं का विकास और विस्तार होगा : सीएम धामी

0

24 अक्टूबर 24 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  ने गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर के ग्राम पंचायत किनसुर बागी में तीन दिवसीय नयार उत्सव-2024 का शुभारंभ  किया। मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा व नयार संगम स्थल और व्यास की तपोस्थली के पावन तट पर आयोजित तीन दिवसीय नयार उत्सव के माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन संबंधी बुनियादी सुविधाओं का विकास और विस्तार होगा।

इस माैके पर उन्होंने गंगा पूजन व महाशीर प्रजाति की मछली के सीड्स का गंगा में प्रवाह किया। इस माैके पर उन्हाेंने एक राफ्टिंग दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।उन्हाेंने राज्य में समान नागरिक संहिता काे शीघ्र लागू करने के अपने वादे केा पूरा करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए सात घाेषणाएं की हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से हर क्षेत्र में तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। पौड़ी में 100 फिट ऊंचा झंडा व पार्क का निर्माण, त्रिशूल पार्क का निर्माण, पौराणिक केदारनाथ-बद्रीनाथ पैदल मार्ग को पुनर्जीवित किया है। श्रीनगर में अलकनंदा नदी किनारे गंगा संस्कृति केंद्र का कार्य किया जा रहा है। धारी देवी मंदिर में सुधारीकरण कार्य, पौड़ी के पुराने कलक्ट्रेट को हेरिटेज भवन के रूप में, श्रीनगर गोला पार्क का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिंगटाली पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश की देवतुल्य जनता से राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने का वायदा किया था। इसे राज्य में जल्द लागू किया जाएगा। राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार के साथ स्वरोजगार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले तीन सालों में 17 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद सभी भर्ती परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हुई हैं।मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी सात घोषणाएं की। जिसमें देवप्रयाग-सतपुली मोटर मार्ग, देवप्रयाग-बुआखाल को राष्ट्रीय राजमार्ग में विकसित करने, नांद नदी सड़क का छह किमी का निर्माण, यमकेश्वर के अंतर्गत लक्ष्मण झूला क्षेत्र में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति, यमकेश्वर क्षेत्र में पशुलोक मोटर मार्ग पर गंगा भोगपुर के निकट बीन नदी डबल लेन आरसीसी पुल का निर्माण, द्वारीखाल के जाखणीखाल-ढंडोली मोटर मार्ग का डामरीकरण व यमकेश्वर क्षेत्र में जमीन उपलब्ध होने पर डिग्री कॉलेज की स्थापना शामिल है।

इस अवसर पर विधायक रेनू बिष्ट, राजकुमार पोरी, जिलाध्यक्ष भाजपा सुषमा रावत, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र राणा, ग्राम प्रधान किनसूर बागी दीपचंद शाह उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed