सेवा संकल्प अभियान को रुद्रप्रयाग जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाएगी भाजपा — भारत भूषण भट्ट – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

सेवा संकल्प अभियान को रुद्रप्रयाग जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाएगी भाजपा — भारत भूषण भट्ट

0

 

रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं समर्पण को स्मरण करते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को मजबूत करना है।

भाजपा रुद्रप्रयाग के जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता मिली है। इसी सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रुद्रप्रयाग जिले में पार्टी के कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क गतिविधियों में भागीदारी करेंगे।

अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से बूथ स्तर पर लाभार्थी परिवारों के घर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री जी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प में सहभागिता की जाएगी।

इसी क्रम में विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को विकसित भारत की संकल्पना और देश के विकास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलाव की कहानी को नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए गांव-गांव तक पहुंचाने की परिकल्पना की गई है। वहीं ‘आंगन का उत्सव’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं माताओं की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष ‘सेवा मेरा योगदान’ है। इसके अंतर्गत प्रत्येक नागरिक अपनी सुविधा और स्थानीय आवश्यकता के अनुसार सेवा कार्य चुनकर समाज के लिए कम-से-कम प्रत्येक दिन अथवा साप्ताहिक रूप से 25 मिनट का योगदान दे सकता है। अभियान में रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, महिला स्वास्थ्य, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, नशा मुक्ति जागरूकता, सड़क सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग, वोकल फॉर लोकल तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता सहित 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों का उल्लेख किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा रुद्रप्रयाग का संगठन बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अभियान की भावना व्यापक सामाजिक सहभागिता की है।

जिलाध्यक्ष ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि ‘25 वर्षों के 25 सेवा कार्यों’ में से अपनी रुचि एवं स्थानीय आवश्यकता के अनुसार किसी एक सेवा कार्य को अपनाएं और समाज के प्रति अपने योगदान को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ें। उन्होंने कहा कि सेवा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की मूल भावना है और सामूहिक प्रयासों से ही विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *