*रुद्रप्रयाग: BJP की कार्यशाला में बना 5 से 21 जून तक का कार्यक्रम, केंद्र सरकार के 12 साल ‘सेवा और सुशासन’ पर चलेंगे जनकल्याण अभियान*
रुद्रप्रयाग। भाजपा जिला कार्यालय में रविवार को जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा के 12 साल विश्वास के, विकास के व जनकल्याण के महाअभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 5 जून से 21 जून तक जिला, विधानसभा, ब्लॉक एवं मंडल स्तरीय विकसित भारत संकल्प अभियान, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ अभियान, प्रबुद्ध बैठकें, जनकल्याण शिविर, योग दिवस आदि विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिला, विधानसभा, ब्लाक मंडलों में वरिष्ठ पदाधिकारियों को संयोजक की जिम्मेदारियां दी गई। कार्यशाला में मुख्य वक्ता केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन 12 वर्षों को सुशासन और सेवा का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया है। उन्होंने कहा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रसार, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने अंतिम छोर तक खड़े व्यक्ति के जीवन को बदल दिया है। उन्होंने कहा सांस्कृतिक और आर्थिक उत्थान, भारत में डिजिटल क्रांति, आर्थिक प्रगति, ‘विकसित भारत’ के संकल्प की दिशा में वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत व नई पहचान बनाई है।
जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कार्यकर्ताओं से 5 जून से 21 जून तक के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाएं व विकसित भारत के निर्माण में हर कार्यकर्ता को अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी है। कार्यशाला से पूर्व सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला कार्यालय मे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की मन की बात कार्यक्रम को सुना।कार्यशाला में अभियान के जिला संयोजक अरुण चमोली, जिला महामंत्री राय सिंह राणा जिला उपाध्यक्ष बिनोद देवशाली,पार्वती गोस्वामी, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, जिला मंत्री दीपराज बंगारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमन जमलोकी, अनु. मोर्चा जिला अध्यक्ष हर्ष लाल व मंडलों के अध्यक्ष व सभी अपेक्षित पदाधिकारी मौजूद रहे।
