देहरादून के क्लेमेंटटाउन में पति ने पत्नी को गोली मारी, खुद कंट्रोल रूम को दी सूचना फिर फरार
*देहरादून।* राजधानी के क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक व्यक्ति ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी और उसके बाद फरार हो गया।
मृतका की पहचान काजल (26) पत्नी धीरज पंवार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार 21 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे धीरज पंवार ने कंट्रोल रूम फोन कर कहा कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस ने तुरंत उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
इसके बाद पुलिस ने कॉल की लोकेशन ट्रेस कर टीम गठित की और मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद एक प्लॉट के अंदर बने कमरे को खुलवाया गया, जहां काजल मृत अवस्था में मिली। प्रथम दृष्टया उसकी मौत गोली लगने से हुई है।
घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
