दून मेडिकल कॉलेज में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न का कार्य बहिष्कार लगातार जारी*ओपीडी सहित अन्य विभागों पर पड़ा असर, इमरजेंसी सेवाएं जारी*
*देहरादून।* स्टाइपेंड बढ़ाए जाने की मांग को लेकर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में MBBS इंटर्न्स का कार्य बहिष्कार आज भी जारी रहा। इंटर्न ₹17 हजार प्रतिमाह स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30 हजार किए जाने की मांग कर रहे हैं।
इंटर्न्स द्वारा सोमवार को 2021 बैच के इंटर्न्स ने OPD परिसर में धरना-प्रदर्शन कर कार्य बहिष्कार शुरू किया था। कार्य बहिष्कार का प्रभाव OPD सहित अन्य विभागों पर देखने को मिल रहा है। हालांकि आकस्मिक विभाग में कार्य बहिष्कार नहीं किया गया है।
इंटर्न्स का कहना है कि उनकी मेडिकल शिक्षा का वार्षिक शुल्क लगभग ₹1.5 लाख है। इसके अलावा अन्य खर्चे भी हैं, लेकिन उन्हें स्टाइपेंड के रूप में मात्र ₹17 हजार का भुगतान किया जाता है। यह राशि भी उन्हें प्रतिमाह नियमित रूप से नहीं मिल रही है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इंटर्न्स लंबे समय से स्टाइपेंड राशि बढ़ाकर ₹30 हजार किए जाने की मांग कर रहे हैं। दून मेडिकल कॉलेज में करीब 150 इंटर्न विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं।
