कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
सूचना/पौड़ी/12 मई 2026: कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार, पौड़ी में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनहित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत कर बैठक का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करें, ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनें तथा उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचती हैं, इसलिए जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में निवास कर रहे लोगों को भी योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में लोक निर्माण विभाग से संबंधित विभिन्न मोटर मार्गों एवं निर्माणाधीन सड़कों की विस्तृत समीक्षा की गयी। कैबिनेट मंत्री ने सड़क निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि आमजन, विशेषकर मरीजों, गर्भवती महिलाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरेखा का कार्य करती हैं। इसलिए दूरस्थ गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि मोटर मार्गों का शीघ्र सर्वेक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि लंबित सड़क परियोजनाओं को समय पर धरातल पर उतारा जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने वन विभाग से संबंधित लंबित मामलों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग एवं लोनिवि के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर मामलों का त्वरित निस्तारण करने तथा समस्त लंबित प्रकरणों पर 30 मई तक निरीक्षण प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में राज्य सेक्टर के अंतर्गत वर्ष 2017 एवं उससे पूर्व स्वीकृत कार्यों से संबंधित वन विभाग एवं ग्रामीणों की आपत्तियों वाले 12 प्रकरणों की भी समीक्षा की गई तथा सभी आपत्तियों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि स्टेज-2 के अंतर्गत स्वीकृत 16 कार्यों में से 8 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 6 कार्य प्रगति पर हैं तथा 2 कार्य अभी प्रारंभ नहीं हो सके हैं। वर्ष 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में से 35 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, 4 कार्य प्रगति पर हैं तथा एक कार्य की अनुबंध प्रक्रिया संचालित है। मुआवजा वितरण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। इसके अतिरिक्त वन टाइम मेंटेनेंस के 19 कार्यों तथा आपदा एवं विशेष मरम्मत से संबंधित 29 कार्यों की भी समीक्षा की गयी।
कैबिनेट मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन मोटर मार्गों एवं अन्य विकास कार्यों को वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व पूर्ण कर लिया जाए, जिससे आमजन को आवागमन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
बैठक में पेयजल विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, जल संस्थान, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लघु सिंचाई, पशुपालन, बाल विकास, युवा कल्याण एवं समाज कल्याण विभागों की भी विस्तृत समीक्षा की गयी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में स्वीकृत 10 पदों के सापेक्ष 7 कार्मिक कार्यरत पाए गए, जबकि 3 पद रिक्त हैं। इस पर कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कहीं भी झूलती विद्युत लाइनें एवं क्षतिग्रस्त अथवा झुके हुए विद्युत पोल न रहें। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। पर्यटन विभाग को सतपुली स्थित एंग्लिंग हट के कार्यों की जांच करने तथा सिंचाई विभाग को सतपुली निरीक्षण भवन का निर्माण कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह रावत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, जल निगम के मोहम्मद मिशम, आरटीओ विमल पांडे, डीएसटीओ राम सलोने, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विनोद कुमार जोशी, विद्युत विभाग से अभिनव रावत, एएमए जिला पंचायत भावना रावत, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पांडेय, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
