ट्रांसपोर्टर की हत्या में 12 वर्षों से फरार चल रहे हत्यारोपित को दून पुलिस ने जालंधर से किया गिरफ्तार !!! – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

ट्रांसपोर्टर की हत्या में 12 वर्षों से फरार चल रहे हत्यारोपित को दून पुलिस ने जालंधर से किया गिरफ्तार !!!

0

देहरादून पुलिस ने 12 वर्षों से फरार चल रहे ट्रांसपोर्टर के हत्यारोपी को जालंधर से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के मामले में शामिल चार आरोपियो को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।पुलिस के अनुसार, मृतक संजीव की पत्नी के साथ हत्यारोपितों में शामिल कुलविंदर के अवैध संबंध थे।कुलविंदर, संजीव को रास्ते से हटाना चाहता था। इसलिए वह संजीव को लेकर उसकी इनोवा कार से देहरादून आया। इसमें कुलविंदर के चार साथी भी शामिल थे। पांचों ने संजीव की हत्याकर शव झाड़ियों में फेंक दिया और उसकी इनोवा कार लूटकर फरार हो गए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के अनुसार, मार्च 2012 में राजपुर क्षेत्र स्थित पुरकुल मार्ग पर एक व्यक्ति का शव झाड़ियों से बरामद हुआ था। मृतक की पहचान संजीव निवासी मकसूदा जालंधर, पंजाब के रूप में हुई। वह ट्रांसपोर्टर था। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपितों की तलाश शुरू की।

जांच के बाद राजपुर थाना पुलिस ने अप्रैल 2012 में आरोपित अजय निवासी नागरा गांव, बिजलिपाला, थाना बिलगा, जालंधर, वर्तमान निवासी सुभाषनगर थाना डिवीजन नंबर आठ, जालंधर व उसके चार अन्य साथियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जमानत मिलने के बाद अजय फरार हो गया। उसके खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट जारी किया गया।

उसे पकड़ने के लिए जाखन चौकी प्रभारी विकेंद्र कुमार की देखरेख में टीम का गठन किया गया। इसी बीच टीम को सूचना मिली कि आरोपित इन दिनों जालंधर में है, जिसके चलते टीम कुछ दिन जालंधर में ही डेरा डाले रही। शुक्रवार को पुलिस टीम ने आरोपित अजय को जालंधर के सुभाषनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, जब टीम आरोपित अजय को उसके गांव से गिरफ्तार करके देहरादून ला रही थी तो वहां ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। किसी तरह पुलिस आरोपित को लेकर देहरादून लेकर आई। इन 12 वर्षों में आरोपित का हुलिया भी बदल गया था। पुलिस उसे पहचान न पाए, इसलिए उसने दाढ़ी व सिर के बाल बढ़ा लिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed