सहसपुर से हरक सिंह रावत की दावेदारी के पीछे क्या है सियासी चक्रव्यूह? सोनिया आनंद के साथ जुगलबंदी की चर्चाएं तेज – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

सहसपुर से हरक सिंह रावत की दावेदारी के पीछे क्या है सियासी चक्रव्यूह? सोनिया आनंद के साथ जुगलबंदी की चर्चाएं तेज

 

उत्तराखंड की राजनीति में डॉ. हरक सिंह रावत एक ऐसे नेता माने जाते हैं, जो समय और परिस्थितियों के अनुसार राजनीतिक समीकरण बदलने में माहिर रहे हैं। कई राजनीतिक दलों का सफर तय कर चुके हरक सिंह रावत की सहसपुर विधानसभा से चुनाव लड़ने की चर्चाओं ने अब नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

आखिर सहसपुर ही क्यों? राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सहसपुर और मसूरी की नजदीकी विधानसभा सीटों को साधकर एक बड़ा चुनावी समीकरण तैयार किया जा सकता है। मसूरी से चुनावी तैयारी कर रही डॉ. सोनिया आनंद रावत (जसवीर कौर आनंद) और डॉ. हरक सिंह रावत की राजनीतिक जुगलबंदी को लेकर भी मीडिया एवं सोशल मीडिया पर चर्चाएं लगातार होती रही हैं। क्या दोनों सीटों पर एक-दूसरे को राजनीतिक मजबूती देने की रणनीति बनाई जा रही है? यह सवाल अब राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बनता जा रहा है।

हरक सिंह रावत की राजनीतिक महत्वाकांक्षा किसी एक विधानसभा सीट तक सीमित नहीं मानी जाती। राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चा है कि वह कांग्रेस में अपने समर्थकों और प्रभावशाली चेहरों को आगे बढ़ाकर संगठन के भीतर अपनी ताकत मजबूत करना चाहते हैं। यदि भविष्य में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर उनके राजनीतिक समीकरण अनुकूल नहीं बनते, तो क्या वह पार्टी के भीतर दबाव की राजनीति का सहारा लेंगे? उनकी पूर्व राजनीतिक यात्राओं को देखते हुए इस सवाल को नजरअंदाज करना भी आसान नहीं है।

सहसपुर में भाजपा विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर और मसूरी में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी जैसे मजबूत नेताओं को चुनौती देना आसान नहीं है। केवल बयानबाजी, राजनीतिक महत्वाकांक्षा और बड़े-बड़े दावों से चुनाव नहीं जीते जाते; जनता का विश्वास, संगठन की ताकत और जमीन पर किए गए कार्य ही निर्णायक होते हैं।

उत्तराखंड की जनता नेताओं की राजनीतिक चालों, दल-बदल और अवसरवादी राजनीति को भली-भांति देख चुकी है। 2027 में हरक सिंह रावत की रणनीति कितनी सफल होगी, यह समय बताएगा, लेकिन जनता के बीच सवाल जरूर उठ रहा है—क्या सहसपुर की चुनावी दावेदारी किसी बड़े राजनीतिक चक्रव्यूह का हिस्सा है, और क्या सोनिया आनंद-हरक सिंह की जुगलबंदी कांग्रेस के भीतर नए शक्ति-समीकरण पैदा करेगी?

राजनीतिक शतरंज में चालें चाहे कितनी भी चतुराई से चली जाएं, अंतिम फैसला जनता की अदालत में ही होता है। मुझे उम्मीद हैं फिर भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *