5 अक्टूबर 2026: वन्य जीव सप्ताह (02 अक्टूबर – 08 अक्टूबर) के अंतर्गत राजाजी टाइगर रिजर्व की रामगढ़ रेंज द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में एक गोष्ठी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के मन में तथा उनके माध्यम से अभिभावकों एवं समाज में वन तथा वन्य जीवों के प्रति लगाव एवं संवेदनशीलता उत्पन्न करना था।
कार्यक्रम की आयोजक वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम ने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व वन तथा विभिन्न प्रकार के वन्य जीवों से समृद्ध एक विशाल टाइगर रिजर्व है। वन तथा वन्य जीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता के लिये प्रत्येक वर्ष 2 से 8 अक्टूबर तक पूरे देश में वन्य जीव सप्ताह मनाया जाता है, जिसके अंतर्गत विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी, जागरूकता रैली जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं।
उन्होंने बताया कि राजाजी टाइगर रिजर्व में बाघ, हाथी, तेंदुआ, सांभर, हिरन सहित सैकड़ों प्रकार के वन्य जीव तथा वनस्पतियां पाई जाती हैं। हमें वन्य जीवों के प्रति दया का भाव रखते हुए उनके घर यानी वनों को सुरक्षित रखना चाहिए, ताकि वन्य जीव स्वच्छंद विचरण कर अपना जीवन जी सकें। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने, उनकी रक्षा करने, घरों के आसपास चिड़ियों के लिये पानी रखने तथा प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सभी बच्चों को स्कूल बैग, टी-शर्ट तथा कैप उपहार स्वरूप प्रदान की गईं।
इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि वन तथा वन्य जीव हमारे पारिस्थितिक तंत्र के लिये अत्यंत आवश्यक हैं और हमें इनकी रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
वन आरक्षी सुभाष रावत ने कहा कि जंगली जानवरों को बेवजह परेशान न करना, पेड़-पौधों को नुकसान न पहुंचाना और प्लास्टिक कचरे को डस्टबिन में डालने जैसे छोटे-छोटे प्रयासों से भी हम वन तथा वन्य जीवों की रक्षा कर सकते हैं।
इसके पश्चात वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम के नेतृत्व में रामगढ़ रेंज के कर्मचारियों, विद्यालय के शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर आम जनमानस को वन तथा वन्य जीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम, प्रधानाध्यापक अरविन्द सिंह सोलंकी, सहायक अध्यापक वीरेंद्र उनियाल, वन आरक्षी चंद्र किशोर बडोनी, नितिन राणा, सुभाष रावत, आउटसोर्स कर्मी अमित, नितिन तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।