जनपद स्तरीय सांख्यिकीय ई-पत्रिका सॉफ्टवेयर/वेबसाइट का शुभारंभ – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

जनपद स्तरीय सांख्यिकीय ई-पत्रिका सॉफ्टवेयर/वेबसाइट का शुभारंभ

0

 

देहरादून, 24 अगस्त 2026

 

अर्थ एवं संख्या निदेशालय, आईटी पार्क, देहरादून में आज जनपद स्तरीय सांख्यिकीय ई-पत्रिका सॉफ्टवेयर/वेबसाइट का शुभारंभ निदेशक, अर्थ एवं संख्या सुशील कुमार एवं वरिष्ठ निदेशक, एनआईसी हिमांशु कुमार द्वारा किया गया।

 

इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से अब जनपद स्तर पर प्रकाशित की जाने वाली सांख्यिकीय पत्रिका को अधिक सुगमता, गति एवं तकनीकी दक्षता के साथ तैयार कर ऑनलाइन उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे विभिन्न विभागों एवं जनपदों से प्राप्त सांख्यिकीय सूचनाओं के संकलन एवं प्रकाशन की प्रक्रिया को भी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

 

*विभिन्न क्षेत्रों के आंकड़े होंगे ऑनलाइन उपलब्ध*

 

जनपद स्तरीय ई-पत्रिका में जनगणना, क्षेत्रफल, जनसंख्या, विकासखंड, भूमि उपयोग, पशुपालन एवं मत्स्य, सहकारिता, उद्योग, सार्वजनिक स्वास्थ्य, विद्युत, परिवहन एवं संचार, संस्थागत वित्त, पंचायत सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित महत्वपूर्ण सांख्यिकीय आंकड़े उपलब्ध होंगे।

 

सॉफ्टवेयर के माध्यम से इन आंकड़ों को तकनीकी प्रक्रिया द्वारा त्वरित गति से संकलित, तैयार एवं प्रकाशित किया जा सकेगा। इससे जनपदवार सांख्यिकीय सूचनाओं तक अधिकारियों, शोधकर्ताओं, संस्थानों एवं आमजन की पहुंच भी आसान होगी।

 

*डिजिटल माध्यम से सांख्यिकीय सूचनाओं की उपलब्धता को मिलेगा बढ़ावा*

 

ई-पत्रिका के शुभारंभ से सांख्यिकीय प्रकाशनों को डिजिटल स्वरूप में उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे पारंपरिक मुद्रित पत्रिकाओं के साथ-साथ ऑनलाइन सांख्यिकीय सूचना प्रणाली को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।

 

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक, अर्थ एवं संख्या चित्रा, संयुक्त निदेशक, एनआईसी चन्दन सिंह भाकुनी, आईटीडीओ विकास पाण्डेय, एनआईसी के सॉफ्टवेयर डेवलपर चन्द्रेश किशोर सहित अर्थ एवं संख्या निदेशालय, क्षेत्रीय कार्यालय, मण्डल एवं जिला कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed