*देहरादून: रायपुर ब्लॉक शिक्षक संघ की बैठक, 22 जून के सचिवालय कूच को सफल बनाने का आह्वान* – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

*देहरादून: रायपुर ब्लॉक शिक्षक संघ की बैठक, 22 जून के सचिवालय कूच को सफल बनाने का आह्वान*

0

उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के आवाहन पर वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता के विरोध तथा 1 अक्टूबर, 2005 के पश्चात नियुक्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिये पुरानी पेंशन बहाली हेतु 22 जून के सचिवालय कूच को सफल बनाने के सम्बन्ध में विकासखण्ड रायपुर कार्यकारिणी की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गयी।
बैठक का संचालन करते हुए मंत्री बिनोद सिंह असवाल ने कहा कि सरकार द्वारा वर्ष 2017 में आरटीई एक्ट में संशोधन करके शिक्षकों हेतु निर्धारित अर्हता को पूर्ववर्ती तिथि से लागू किया गया है जो कि कतई न्यायोचित नहीं है। साथ ही पुरानी पेंशन प्रत्येक कर्मचारी का हक है।
अन्य सभी पदाधिकारियों ने भी सरकार द्वारा बनाये गये इस कानून पर गहरा रोष प्रकट किया और इसमें यथाशीघ्र संशोधन का आग्रह किया। सभी पदाधिकारियों ने 1 अक्टूबर, 2005 के पश्चात नियुक्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिये पुरानी पेंशन बहाली की मांग को पुरजोर तरीके से रखा।
अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त सभी शिक्षक उस समय सरकार द्वारा निर्धारित सभी अहर्ताओं को पूर्ण कर निर्धारित परीक्षाओं को उत्तीर्ण करने के पश्चात ही शिक्षक के रूप में नियुक्त हुये हैं और अब सेवा में बने रहने तथा पदोन्नति के लिये टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करने की बाध्यता शिक्षकों की दक्षता, कार्य क्षमता एवं सम्मान को ठेस पहुँचाने वाली है। उन्होंने कहा कि इस कानून में संशोधन तथा पुरानी पेंशन बहाली के लिये उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व द्वारा 22 जून को परेड ग्राउंड से सचिवालय कूच कर माननीय मुख्यमंत्री को आवश्यक कार्रवाई हेतु ज्ञापन प्रेषित करने का निर्णय लिया गया है।
अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी तथा मंत्री बिनोद असवाल ने विकासखण्ड रायपुर के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में 22 जून को आयोजित होने वाले सचिवालय कूच में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
बैठक में उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर के अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी, मंत्री बिनोद सिंह असवाल, कोषाध्यक्ष प्रशांत सकलानी, संरक्षक रविंद्र नाथ उपाध्याय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गीता लिंगवाल, संयुक्त मंत्री संजय कुमार, उपाध्यक्ष विमला रावत, फ़रसराम कोठारी, संजीता गैरोला, राजेश्वरी थपलियाल, उपमंत्री अनीता नैथानी, प्रमोद कुमार, संगठन मंत्री प्रकाश पुरोहित, आशा मोहन, ज्ञानानंद चमोली, भारती क्षेत्री प्रचार मंत्री सुनीता रावत, अंजलि सेठी, कांति रावत, गीता गौड़, लेखाकार रीता परमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed