रुद्रप्रयाग में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित, महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर साधा निशाना – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

रुद्रप्रयाग में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित, महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर साधा निशाना

0

रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भाजपा जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, केंद्र सरकार की योजनाओं और पार्टी की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की। इससे पहले जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य वक्ता का स्वागत किया।

बैठक में महेंद्र भट्ट ने हाल ही में तीन राज्यों में भाजपा को मिली बड़ी जीत पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में पार्टी के लिए कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और आम जनता भाजपा की नीतियों पर विश्वास जता रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड में भी भाजपा लगातार मजबूत हो रही है और पार्टी तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अंतर्विरोधों से घिरी हुई है और जनसरोकारों से दूर हो चुकी है। कांग्रेस नेता आपसी षड्यंत्रों और आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त हैं, जबकि जनता विकास और सुशासन चाहती है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। सरकार अंत्योदय और गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंच बना रही है। उन्होंने संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए प्रत्येक माह में प्रत्येक बूथ, शक्ति केंद्र की बैठकों के साथ साथ मंडल और जिला कार्यसमिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत,बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, पूर्व जिला अध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, महावीर सिंह पंवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, जिला कार्यसमिति सदस्य विक्रम कंडारी, जिला महामंत्री अरुण चमोली, राय सिंह राणा,बिनोद देवशाली, सुनील नौटियाल, सुमन जमलोकी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *