*रुद्रप्रयाग: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने पर भाजपा का महिला आक्रोश सम्मेलन, विपक्ष पर लगाया महिलाओं के अधिकार रोकने का आरोप – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

*रुद्रप्रयाग: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने पर भाजपा का महिला आक्रोश सम्मेलन, विपक्ष पर लगाया महिलाओं के अधिकार रोकने का आरोप

0

रुद्रप्रयाग : आज भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रूद्रप्रयाग में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को संसद में पारित न किए जाने के विरोध में विपक्षी दलों के खिलाफ एक विशाल जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन महिलाओं की भागीदारी, जागरूकता एवं अधिकारों के समर्थन का एक सशक्त मंच बनकर उभरा।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आईं ग्रामीण महिलाएं, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं तथा समाज के विभिन्न वर्गों से संबंधित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सम्मेलन में महिलाओं की भारी उपस्थिति ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि नारी सशक्तिकरण के मुद्दे पर समाज अब पहले से अधिक जागरूक और संगठित है।

इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राज्यमंत्री श्रीमती गीता रावत ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के मुद्दे पर उनका रुख निराशाजनक रहा है, जिसके विरोध में आज यह जन आक्रोश स्वाभाविक है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम कठैत, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती सुमन जमलोकी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह सहित अन्य गणमान्य महिला प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमन जमालोकी ने कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए महिलाओं के अधिकारों की रक्षा एवं उनके सशक्तिकरण के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

सम्मेलन के दौरान उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे नारी सम्मान और अधिकारों के लिए निरंतर आवाज उठाती रहेंगी तथा समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगी।
इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा जिला महामंत्री अर्चना चमोली, सुषमा देवी सहित जनपद रुद्रप्रयाग की मातृ शक्ति एवं विनोद देवशाली, अरुण चमोली, राय सिंह राणा सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed