“देहरादून में महिलाओं ने साइकिल से दिया फिटनेस और पर्यावरण का संदेश”
देहरादून में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “सायकल्चर – रूट्स विद पैडल्स” शीर्षक से विशेष साइकिल राइड का आयोजन किया गया। इस राइड में लगभग 40 महिला साइकिल सवारों ने भाग लिया, जिनमें 7 वर्ष से लेकर 60 वर्ष तक की आयु की महिलाएं और बालिकाएं शामिल थीं। सभी प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधान में साइकिल चलाई, जिनमें साड़ी, सलवार सूट और अन्य पारंपरिक वेशभूषाएं शामिल रहीं ।
इस पहल का उद्देश्य साहसिक खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना था। राइड के दौरान साइकिल सखी की सदस्यों ने लोगों को यह संदेश दिया कि छोटी दूरी तय करने के लिए हमेशा मोटर वाहनों की आवश्यकता नहीं होती और साइकिल से भी आसानी से दूरी तय की जा सकती है।
इस आयोजन को डेकाथलॉन देहरादून का भी सहयोग मिला। डेकाथलॉन ने महिला साइकिल सवारों को साइकिलिंग के दौरान उपयोगी गुडीज़ प्रदान कीं। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने यह संदेश दिया कि छोटे-छोटे कदमों से बड़ा बदलाव संभव है और छोटी दूरी के लिए साइकिल अपनाने से स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ समाज की दिशा में योगदान दिया जा सकता है ।
