क्षतिग्रस्त विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिये धन की कमी आड़े नहीं आएगी: डॉ धन सिंह रावत – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

क्षतिग्रस्त विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिये धन की कमी आड़े नहीं आएगी: डॉ धन सिंह रावत

0

22 अगस्त 2025 देहरादून: शुक्रवार को यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली, जिसमें उन्होंने हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त हुए विद्यालयों की जानकारी विभागीय अधिकारियों से ली।

इस मौके पर मंत्री ने माध्यमिक एवं प्राथमिक शिक्षा के अंतर्गत आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों, दीवारों, छतों, प्रांगण, बाउंड्रीवॉल आदि परिसम्पतियों की मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए अधिकारियों को पांच दिन के भीतर विस्तृत आगणन (एस्टिमेट) तैयार कर शिक्षा महानिदेशालय को भेजने के निर्देश दिए ताकि आपदा मोचन निधि से जारी धनराशि से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त विद्यालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिये धन की कमी आड़े नहीं आएगी यदि आवश्यकता पड़ी तो आपदा मद से पुनर्निर्माण कार्यों के लिये और धनराशि स्वीकृत की जाएगी।

बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से लेकर 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर के विद्यालयों में ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत विद्यालयों में विभिन्न जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विशेष स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां,नशामुक्ति जागरूकता रैलियां,डिजिटल शिक्षा के प्रचार-प्रसार तथा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर जैसे कार्यक्रम भी संचालित किये जाएंगे।

उन्होंने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा पखवाड़े के सभी कार्यक्रम समन्वय एवं सहभागिता की भावना के साथ संचालित किए जाय और इस दौरान ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी गतिविधियों की निगरानी की जाए और इसका फॉलोअप भी लिया जाए। मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग केवल पठन-पाठन तक सीमित नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों के संवर्धन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, अपर निदेशक एससीईआरटी पदमेन्द्र सकलानी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *