लोकतंत्र में चुनाव के लिए सबको समान मौका मिलना चाहिए : करण माहरा

0

देहरादून : शुक्रवार को कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि भाजपा बीते दस साल में जनता के द्वारा चुनी गई विपक्षी दलों की 09 सरकारों को गिरा चुकी है। इसी क्रम में अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव के लिए सबको समान मौका मिलना चाहिए, लेकिन आयकर विभाग ने ठीक चुनाव से पहले कांग्रेस के खाते सीज कर दिए, जिस कारण पार्टी के सामने संकट खड़ा हो गया है। यह कार्यवाई भी सात साल पुराने मामले में की गई है, महज 14.40 लाख रुपए के केस के लिए पार्टी के खाते से 115 करोड़ रुपए निकाल लिए गए हैं। माहरा के मुताबिक चुनाव से पहले पार्टी नेताओं की हवाई और रेल यात्राओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। यहां तक की कांग्रेस को पोस्टर – बैनर तक लगाने के लिए जगह नहीं दी जा रही है। माहरा ने कहा कि दूसरी तरफ चुनावी चंदे की आड़ में टेंडर का खेल किया जा रहा है। इस मौके पर मथुरा दत्त जोशी, नवीन जोशी, गरिमा मेहरा दसौनी, अमरजीत सिंह, महेंद्र सिंह नेगी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *