उत्तराखंड में भाजपा प्रत्याशियों की प्रथम सूची लगभग तैयार

0

देहरादून।विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के मद्देनजर उत्तराखंड भाजपा ने सभी 70 सीटों पर दावेदारों के पैनल को अंतिम रूप दे दिया है। शनिवार को पार्टी की चुनाव समिति की बैठक में चर्चा के बाद इस पर मुहर लगाई गई। यह सूची रविवार को दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी। प्रत्याशियों के संबंध में केंद्रीय संसदीय बोर्ड निर्णय लेगा। सूत्रों के अनुसार 28 सीटों पर स्थिति लगभग साफ है। यदि कोई फेरबदल नहीं हुआ तो प्रथम चरण में इन नामों की घोषणा हो सकती है। इसके अलावा 25 सीटें विभिन्न कारणों से फंसी हैं, जिन पर मशक्कत करनी पड़ेगी। यह भी बताया जा रहा कि 10 से 15 वर्तमान विधायकों के टिकट पर पार्टी कैंची चला सकती है।प्रदेश भाजपा मुख्यालय में शनिवार को केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, त्रिवेंद्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में हुई प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में दावेदारों के पैनल पर विमर्श हुआ। डेढ़ घंटे चली बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार चर्चा की गई। कुछेक सीटों पर एकाध नाम जोड़े गए तो कुछ से हटाए गए।सूत्रों ने बताया कि जिन सीटों पर नाम लगभग तय हैं, उनके पैनल में एक-एक नाम ही हैं। अन्य सीटों पर दो से चार नाम शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय रविवार को दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व को दावेदारों की सूची सौंपेंगे। सूत्रों ने बताया कि रविवार को इस बारे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी बैठक संभव है। 19 जनवरी को दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed