देहरादून में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ कार्यक्रम 2025’ का भव्य आयोजन

देहरादून के रायपुर विकासखंड के शेरखी ग्राम सभा में आज ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ कार्यक्रम 2025’ का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली के उप सचिव अनूप सिंह बिष्ट ने की।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में कृषि विभाग, उद्यान विभाग और पशुपालन विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान केंद्र ढकरानी के वैज्ञानिकों ने किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों से अवगत कराया। कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी मनोज गुसांई ने निभाई, जबकि नोडल अधिकारी अशोक गिरी ने कृषि एवं भूमि संरक्षण संबंधी दिशा-निर्देश दिए।
नवीनतम तकनीक और रोग नियंत्रण पर चर्चा
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ए.के. सिंह और डॉ. विजेता ने फसलों में रोग एवं कीटों से बचाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। पशुपालकों को खुरपका-मुंहपका, अफारी (गैस) और थनेला रोग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए पंचगव्य, जीवामृत और बीजामृत की उपयोगिता पर जोर दिया गया।
सरकार की योजनाओं की जानकारी
भारत सरकार के उप सचिव अनूप सिंह बिष्ट ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन जैसी केंद्र पोषित योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किसानों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझा और समाधान प्रस्तुत किए।
उपस्थित जनप्रतिनिधि और समापन समारोह
कार्यक्रम में 150 से अधिक किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में क्षेत्र पंचायत सदस्य बालम सिंह बिष्ट और ग्राम प्रधान शेरखी ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।
इस आयोजन से किसानों को नवीनतम तकनीकों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिली, जिससे वे अपनी खेती को अधिक लाभदायक और प्रभावी बना सकें।