कचरे से उपयोगी वस्तुएँ बनाने की प्रतियोगिता आयोजित – Himkelahar – Latest Hindi News | Breaking News in Hindi

कचरे से उपयोगी वस्तुएँ बनाने की प्रतियोगिता आयोजित

0

 

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डॉ. बी.जी.आर. परिसर, पौड़ी स्थित ईको क्लब एवं मिशन लाइफ सेल द्वारा “वेस्ट टू वेल्थ” विषय पर रचनात्मक मॉडल, क्राफ्ट एवं नवाचार उत्पाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बेकार वस्तुओं से आकर्षक एवं उपयोगी उत्पाद तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से पुनर्चक्रण, पुनः उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने प्लास्टिक बोतलों, पुराने समाचार पत्रों, कार्डबोर्ड एवं अन्य अनुपयोगी वस्तुओं से सजावटी एवं उपयोगी सामग्री तैयार की।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंबिका बिष्ट (बी.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान दुर्गा खंकारीयाल (बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर) एवं तृतीय स्थान अरीबा परवीन (बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर) को मिला। सांत्वना पुरस्कार आंचल सैनी तथा सीमा पंवार को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में प्रो. ए. पांडेय, डॉ. अनिल दत्त एवं डॉ. सुरेखा शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता, उपयोगिता एवं पर्यावरणीय संदेश के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

इस अवसर पर ईको क्लब के सदस्य डॉ. किरण बाला, डॉ. नीलम नेगी, डॉ. गौतम, डॉ. अतुल सैनी एवं डॉ. विक्रम नेगी भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान परिसर निदेशक ने शिक्षकों को ईको क्लब के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों एवं आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को भी इस प्रकार के रचनात्मक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए उत्साहित किया। अंत में प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए “रिड्यूस, रीयूज़ और रीसायकल” का संदेश दिया गया।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नवाचार की भावना विकसित करना तथा मिशन लाइफ के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *