उत्तराखंड

40 फीसदी हिस्सेदारी की मांगः सरिता आर्य

विधानसभा चुनाव के लिए 78 महिलाओं ने स्क्रीनिंग कमेटी के सामने टिकट के लिए आवेदन किया है। इनमें 64 सामान्य तो 14 सीटों पर आरक्षित उम्मीवार महिलाओं ने दावा पेश किया है

कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की मुहिम लड़की हूं, लड़ सकती हूं मैं… यूपी फार्मूले को आधार बनाकर उत्तराखंड में भी कांग्रेस से जुड़ी आधी आबादी विस चुनाव में 40 फीसदी हिस्सेदारी मांग रही है। विधानसभा चुनाव के लिए 78 महिलाओं ने स्क्रीनिंग कमेटी के सामने टिकट के लिए आवेदन किया है। इनमें 64 सामान्य तो 14 सीटों पर आरक्षित उम्मीवार महिलाओं ने दावा पेश किया है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरिता आर्य ने हाईकमान को पत्र लिखकर चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की मांग की है।

2017 के चुनाव में कांग्रेस ने सात सीटों पर महिलाओं को मैदान में उतारा था। इस बार इनमें से तीन पर पुरुषों को टिकट मिल सकता है। 2017 में भगवानपुर सीट से ममता राकेश और हल्द्वानी सीट से डॉ. इंदिरा हृदयेश ही जीतने में कामयाब रहीं थीं। बाकी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था।
पार्टी सूत्रों की मानें तो हाल ही में भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य बाजपुर सीट से दावेदारी जता रहे हैं। ऐसे में सुनीता टम्टा बाजवा का टिकट कट सकता है। वहीं, दूसरी तरफ उनके साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए बेटे और निवर्तमान विधायक संजीव आर्य को भी नैनीताल सीट से प्रबल दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में इस सीट पर सरिता आर्य का टिकट कट सकता है। हल्द्वानी में डॉ. इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद माना जा रहा है कि इस सीट पर पार्टी उनके बेटे सुमित हृदयेश पर दांव खेल सकती है।

वर्ष 2017 में कांग्रेस महिला प्रत्याशियों को मिला वोट प्रतिशत
सीट   – प्रत्याशी    -वोट प्रतिशत
रुद्रप्रयाग   – लक्ष्मी राणा  –  25.27
मसूरी   – गोदावरी थापली   – 38.70
भगवानपुर –   ममता राकेश    -48.18
सल्ट   – गंगा पंचोली  –  42.55
नैनीताल –   सरिता आर्य-    37.20
हल्द्वानी  –  इंदिरा हृदयेश –   46.49
बाजपुर  –  सुनिता टम्टा-    40.63
सितारगंज   – मालती विश्वास –   25.32

कांग्रेस निसंदेह महिला कार्यकर्ताओं को भागीदारी देगा। जहां भी महिला नेता चुनाव के लिहाज से सशक्त स्थिति में हैं और पिछले पांच साल से क्षेत्र में जनता के बीच कार्य कर रही हैं, उनके आवेदन पर विचार किया जाएगा।
यूपी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट दिए जाने की बात कही है। हमारी मांग है कि इस फार्मूले को उत्तराखंड में भी लागू किया जाए। इसके लिए मैंने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित तमाम वरिष्ठों को पत्र लिखा है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button