देश

भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के राजनीतिक विश्लेषकों के लिए आश्चर्य का विषय – योगी

अटल जी ने आह्वान किया था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा - शिवराज सिंह

आज भाजपा अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार अपने कार्यकर्ताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इन सबके बीच भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी पार्टी के स्थापना दिवस पर बड़ी बातें कहीं हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की यात्रा देश और दुनिया के राजनीतिक विश्लेषकों के लिए आश्चर्य का विषय है। ये यात्रा बहुत कुछ कह देती है। लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में योगी ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना का उद्देश्य यही था कि हमें सत्ता की राजनीति नहीं, हमें भारत के लिए समर्पण का भाव पैदा करने वाले लोगों को एक राजनीतिक दल के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य करना है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजनीति में एक वैकल्पिक विचारधारा जो भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और परंपराओं के आधार पर देश और समाज के निर्माण की थी, उसको लेकर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने जनसंघ की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि परम श्रद्धेय श्री अटल जी ने आह्वान किया था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। उन्हीं के नेतृत्व में सन् 1996 में वह भी दिन आया, जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उस दिन देश के लाखों कार्यकर्ताओं की आंखों में खुशी के आंसू थे।

हरियाणा CM मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि 42वां स्थापना दिवस की यात्रा सालों के संघर्ष और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बाद बनी है। राष्ट्रभक्ति का भाव लेकर पार्टी को आगे ले जा रहे हैं। सत्ता को सेवा का माध्यम बनाकर कार्य कर रहे हैं, हमारा एक ही एजेंडा है ‘अंत्योदय’ यानि अंत का उदय। हमारी पार्टी में कोई ‘परिवारवाद’ और व्यक्तिगत एजेंडा नहीं है। देश के उत्थान के लिए काम किया जा रहा है। बीजेपी अब दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हम ऐसे संगठन के सदस्य हैं, जिसके लिए हमेशा राष्ट्र प्रथम रहा है। हमने हमेशा यह सिखा है कि राष्ट्र प्रथम, संगठन दूसरा और आदमी अंतिम। इस सिद्धांत पर हमारी पार्टी लगातार काम करती रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button